बिहार में 30 हजार अमीन की वैकेंसी !


बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री राम नारायण मंडल ने राजस्व विभाग में शीघ्र ही करीब 30 हजार अमीन एवं कर्मचारियों को नियुक्त किये जाने की शुक्रवार को घोषणा की। मंडल ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में सहयोग कार्यक्रम के दौरान कहा कि राजस्व विभाग में जल्द ही लगभग 30 हजार अमीन एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की जायेगी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी 08 अक्टूबर को ऑनलाइन दाखिल-खारिज, लगान एवं निबंधन कार्यालयों को अंचल कार्यालयों से सम्बद्ध कर दाखिल-खारिज की सुविधा के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा था कि लोक वित्त समिति ने राज्य में 1203 विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 2297 सर्वेक्षक अंचल निरीक्षक सह कानूनगो, 22966 विशेष सर्वेक्षण अमीन, 2406 लिपिक/विशेष लिपिक, 1203 कार्यपालक सहायक, 12 डाटा इंट्री ऑपरेटर एवं 1203 आईटी ब्वॉय की नियुक्ति का प्रस्ताव किया गया है।
श्री मंडल ने कहा कि ऑपरेशन भूमि दखल देहानी और अभियान बसेरा योजना में तेजी लाने का अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे बहुत हद तक भूमि विवाद की समस्या से लोगों को मुक्ति मिल जायेगी।
मंत्री ने कहा कि बिहार के सभी अंचलों में ऑनलाइन म्युटेशन का काम प्रारंभ हो गया है। साथ ही ऑनलाइन लगान भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय के डाटा बेस को सभी अंचल कार्यालय के डाटा बेस से जोड़ा जा रहा है। इस कार्य के पूर्ण होने पर भूमि विवाद से संबंधित समस्या नगण्य होगी।
श्री मंडल ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से बिहार में चल रही योजनाओं को पूर्ण करने में भू-अर्जन में आ रही समस्या को युद्ध स्तर पर समाप्त करने का निर्देश दिया गया है।

Comments